साहिबगंज/उधवा: आगामी त्योहारों के सीजन को देखते हुए जिला खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री पर नकेल कसना शुरू कर दिया है। सोमवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारी नवरंग देव कुमार और आशीष कुमार वर्मा के नेतृत्व में उधवा चौक एवं आसपास के इलाकों में व्यापक जांच अभियान चलाया गया।
इस दौरान जांच टीम ने उधवा चौक, पाकीजा मोड़ और मोहनपुर चौक स्थित मिठाई, पानी-पुरी (गोलगप्पे) और अन्य खाने-पीने की करीब एक दर्जन दुकानों में बिक रही खाद्य सामग्रियों की गुणवत्ता की गहनता से पड़ताल की। अभियान के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए राधानगर थाना पुलिस बल की टीम भी मौजूद रही।
इंडस्ट्रियल कलर के इस्तेमाल पर रोक, केवल फूड कलर की सलाह
जांच के संबंध में खाद्य सुरक्षा अधिकारी नवरंग देव कुमार ने बताया कि त्योहारों के समय मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों में मिलावट की संभावना बढ़ जाती है, जिससे आम लोगों के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ सकता है। उन्होंने दुकानदारों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी खाद्य सामग्री में इंडस्ट्रियल कलर का उपयोग बिल्कुल न करें। ग्राहकों की सेहत और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए केवल गुणवत्तापूर्ण स्वीकृत ‘फूड कलर’ का ही इस्तेमाल करने की सलाह दी गई।
फूड लाइसेंस लेने के लिए प्रेरित किया गया
अभियान के दौरान जिन दुकानदारों के पास खाद्य लाइसेंस (FSSAI License) नहीं था, उन्हें जल्द से जल्द फूड लाइसेंस प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि नियमानुसार खाद्य कारोबार करने के लिए लाइसेंस अनिवार्य है और बिना मानक का पालन किए पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें : शारदीय नवरात्र : राजमहल और मंगलहाट में निकाली गई भव्य कलश शोभायात्रा



2 Comments