फाइल फोटो - विधायक एम टी राजा
फाइल फोटो - विधायक एम टी राजा

साहिबगंज: विधानसभा सत्र के दौरान राजमहल विधायक मो. ताजउद्दीन उर्फ एमटी राजा ने साहिबगंज जिले के विकास, शिक्षा, खेल और स्थानीय समस्याओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण मामलों को प्रमुखता से सदन के पटल पर रखा।

सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना की मांग

विधायक एमटी राजा ने तारांकित प्रश्न के माध्यम से साहिबगंज में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस (उत्कृष्ट विद्यालय) स्थापित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि साहिबगंज देश के अति पिछड़े जिलों में शामिल है, इसलिए यहां गुणवत्तापूर्ण शिक्षा बेहद जरूरी है।

स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने इसके जवाब में बताया कि जिले में फिलहाल 4 मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय संचालित हैं। अन्य विद्यालयों के चयन की प्रक्रिया जारी है और राजमहल के प्लस टू जेके उच्च विद्यालय को स्वीकृति के लिए मंत्रिपरिषद के पास भेजा गया है।

उधवा के जर्जर आदिवासी छात्रावास का मुद्दा

तारांकित प्रश्न के तहत विधायक ने उधवा प्रखंड स्थित प्लस टू उच्च विद्यालय परिसर के जर्जर आदिवासी छात्रावास का मामला उठाया। उन्होंने बताया कि क्षमता से अधिक छात्र रहने के कारण उन्हें भोजन, आवास और मूलभूत सुविधाओं में भारी परेशानी हो रही है। उन्होंने छात्रावास के निरीक्षण, नए भवन निर्माण और पुराने भवन के जीर्णोद्धार की मांग की।

संबंधित विभाग ने आश्वस्त किया कि छात्रावासों की मरम्मत की प्रक्रिया चल रही है और जल्द ही इस पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

साहिबगंज में रेसलिंग डेवलपमेंट सेंटर की मांग

शून्यकाल के दौरान विधायक ने जिले में कुश्ती के प्रति युवाओं के रुझान को देखते हुए ‘रेसलिंग डेवलपमेंट सेंटर’ की स्थापना, प्रशिक्षित कोच और खेल सामग्री उपलब्ध कराने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि संसाधनों के अभाव में स्थानीय प्रतिभावान खिलाड़ियों को सही अवसर नहीं मिल पा रहा है। इस मांग पर सदन की ओर से सकारात्मक आश्वासन मिला।

जल निकासी के लिए नाला निर्माण की उठाई आवाज

विधायक ने उधवा चौक से उधवा नाला तक फोरलेन सड़क के दोनों तरफ जल निकासी (ड्रेनेज सिस्टम) की व्यवस्था करने की मांग की। उन्होंने सदन को अवगत कराया कि नाला न होने से बारिश में जलजमाव हो जाता है, जिससे आवागमन में लोगों को काफी परेशानी होती है।

यह भी पढ़ें : राजमहल गंगा भवन को हेरिटेज स्थल घोषित करने व राजमहल म्यूजियम की स्थापना की मांग

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *