postpartum house rjl
|

राजमहल। राजमहल उपकारा में सोमवार को एक विचाराधीन कैदी की मौत हो गई। मृतक की पहचान राधानगर थाना क्षेत्र के साल्टी पोखर निवासी सुनील बास्की (35 वर्ष) के रूप में हुई है। सुनील बास्की हत्या के एक मामले में 14 जुलाई 2025 से न्यायिक हिरासत में राजमहल उपकारा में बंद था।

बैरक में आराम के दौरान बिगड़ी तबीयत

राजमहल उपकारा के प्रभारी जेलर प्रिंस कुमार के अनुसार, सोमवार को दोपहर का भोजन करने के बाद सभी बंदी अपने-अपने बैरक में आराम करने चले गए थे। करीब 2:30 बजे जब बंदियों को दोबारा बैरक से बाहर निकाला जा रहा था, उस समय सुनील बास्की सोया हुआ था।

Advertisement

उसे उठाने का प्रयास किया गया तो वह अचेत अवस्था में मिला। जेल प्रशासन ने तत्काल उसे इलाज के लिए राजमहल अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. उदय टुडू ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों को दी गई सूचना, पोस्टमार्टम के लिए दुमका भेजा जाएगा शव

घटना की जानकारी जेल प्रशासन ने मृतक के परिजनों को दे दी है। अनुमंडल अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. उदय टुडू ने बताया कि आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए दुमका भेजा जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

चाचा की हत्या के आरोप में जेल में था सुनील बास्की

जानकारी के अनुसार, सुनील बास्की पर अपने ही चाचा सुलेमान बास्की (60 वर्ष) की हत्या का आरोप था। राधानगर थाना क्षेत्र के साल्टीपोखर में 13 जुलाई 2025 को सुनील बास्की ने कथित तौर पर अपने चाचा पर डंडे से हमला किया था।

हमले में सुलेमान बास्की गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इलाज के दौरान उसी दिन देर शाम उनकी मौत हो गई थी। घटना के बाद राधानगर थाना पुलिस ने सुनील बास्की को गिरफ्तार कर अगले दिन न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया था।

परिजनों ने मानसिक रूप से अस्वस्थ होने की कही थी बात

मृतक के परिजनों ने उस समय सुनील बास्की को मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया था। परिजनों के अनुसार उसका मानसिक स्वास्थ्य संबंधी इलाज भी चल रहा था। हालांकि, वर्तमान में उसकी मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।

पुलिस की ओर से इस मामले में 15 सितंबर को न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल किए जाने की जानकारी भी सामने आई है।

यह भी पढ़ें : साहिबगंज: 1.20 करोड़ की साइबर ठगी का खुलासा, 3 शातिर पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार

Advertisement

Similar Posts

One Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *