उधवा (साहिबगंज): राधानगर थाना क्षेत्र के राधानगर गांव में एक कमरे से पुलिस ने पति-पत्नी का शव बरामद किया है । प्राप्त जानकारी के मुताबिक, रविवार की सुबह जब राधानगर छरकाटोली गाँव निवासी विक्रम साहा (26 वर्ष) के कमरे का दरवाजा काफी देर तक नहीं खुला, तो उसके छोटे भाई प्रशांत साहा ने दरवाजा खटखटाया।
अंदर से कोई जवाब न मिलने पर जब उसने दरवाजा खोला, तो उसके होश उड़ गए। उसने देखा कि उसका बड़ा भाई विक्रम साहा फंदे पर लटका हुआ है, जबकि ठीक नीचे पलंग पर उसकी पत्नी मामूनी बसाक (20 वर्ष) खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़ी हुई है।
बताया जा रहा है कि प्रशांत बगल के कमरे में सो रहा था। इधर सूचना पाकर राधानगर पुलिस दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुँच कर मामले की छानबीन की। फ़िलहाल पुलिस मामले की सभी बिन्दुओं पर गहन छानबीन कर रही है।
शुरुआती जांच और परिस्थितियों के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि विक्रम साहा ने शनिवार देर रात किसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद अपनी पत्नी मामूनी बसाक की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी पति ने खुद भी फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
मात्र 6 महीने पहले हुई थी शादी
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक विक्रम साहा की शादी करीब 6 महीने पहले ही दक्षिण सरफराजगंज पंचायत अंतर्गत मनिहारीटोला गांव की रहने वाली मामूनी बसाक के साथ हुई थी। मृतक विक्रम केरल में मजदूरी करता था और कुछ दिन पहले ही अपने घर लौटा था। घटना का मुख्य कारण पारिवारिक कलह बताया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का लिया जायजा
घटना की सूचना मिलते ही राधानगर थाना प्रभारी अमर कुमार मिंज दल-बल के साथ तुरंत मौके पर पहुँचे और मामले की जानकारी वरीय अधिकारियों को दी। सूचना पाकर राजमहल पुलिस इंस्पेक्टर राजीव रंजन और राजमहल एसडीपीओ विमलेश त्रिपाठी समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी भी घटनास्थल पर पहुँचे और स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस ने दोनों पति-पत्नी के शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया । फिलहाल पुलिस इस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें : राजमहल: दो बाइक की टक्कर में एक युवक की मौत , तीन अन्य युवक घायल


