उधवा:प्रखंड क्षेत्र में बाढ़ के पानी से घिरे इलाकों में पीड़ित परिवारों के बीच जिला प्रशासन द्वारा युद्धस्तर पर राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है। इसी क्रम में सोमवार को उधवा अंचल प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की संयुक्त टीम ने पश्चिम प्राणपुर पंचायत के विभिन्न जलमग्न टोले-मुहल्लों का दौरा कर जरूरतमंद परिवारों के बीच राहत सामग्री का वितरण किया।
सुदूरवर्ती और दियारा टापू क्षेत्रों में पहुंचे अधिकारी
निरीक्षण एवं राहत वितरण के दौरान उधवा के अंचल निरीक्षक हैदर अली, पश्चिम प्राणपुर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि महबूब आलम सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि नाव के माध्यम से सुदूरवर्ती इलाकों तक पहुंचे। टीम ने खास महल टापू, मुजलीस टोला, मछुआ टोला, अजमत टोला, गोलडहाब, जाफर टोला, हाजी टोला तथा कार्तिक टोला सहित अन्य प्रभावित क्षेत्रों में जाकर लोगों का हालचाल जाना और आवश्यक राहत पैकेट वितरित किए।
संकट की घड़ी में जनता के साथ प्रशासन व पंचायत प्रतिनिधि: महबूब आलम
मुखिया प्रतिनिधि महबूब आलम ने बताया कि बाढ़ के कारण कई टोलों का संपर्क मुख्य मार्ग से कट गया है। ऐसे में कोई भी परिवार दाने-दाने को मोहताज न रहे, इसके लिए पंचायत प्रशासन पूरी सजगता के साथ जुटा हुआ है। उन्होंने कहा कि अंचल प्रशासन के सहयोग से हर प्रभावित टोले में चिन्हित कर राहत सामग्री दी जा रही है और आगे भी जरूरतमंदों तक सहायता निरंतर पहुंचाई जाएगी।
ये लोग रहे उपस्थित
राहत वितरण अभियान के दौरान अंचल निरीक्षक हैदर अली और मुखिया प्रतिनिधि महबूब आलम के अलावा पंचायत समिति प्रतिनिधि अब्दुल हन्नान, पंचायत समिति प्रतिनिधि रज्जाक शेख, उपमुखिया जाकिर शेख तथा स्थानीय वार्ड सदस्य व ग्रामीण उपस्थित थे।



2 Comments