आई केयर सेंटर का उद्घाटन करते साहिबगंज उपायुक्त दीपक कुमार दुबे व अन्य
आई केयर सेंटर का उद्घाटन करते साहिबगंज उपायुक्त व मौजूद अन्य

साहिबगंज: साहिबगंज जिले के स्वास्थ्य ढांचे को सुदृढ़ करने और आम नागरिकों को बेहतर व गुणवत्तापूर्ण चिकित्सीय सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन ने एक बड़ा कदम उठाया है। सदर अस्पताल परिसर में नवनिर्मित अत्याधुनिक नेत्र देखभाल केंद्र, आई केयर सेंटर का विधिवत उद्घाटन उपायुक्त दीपक कुमार दूबे द्वारा किया गया। इस आधुनिक केंद्र की शुरुआत से जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था में एक नया अध्याय जुड़ गया है। अब स्थानीय मरीजों को आंखों से जुड़ी जटिल समस्याओं और मोतियाबिंद के ऑपरेशन के लिए बड़े शहरों या पड़ोसी राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा।

मंगलवार को विधिवत उद्घाटन उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने फीता काटकर किया । मौके पर सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान, अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. देवेश कुमार सहित अन्य थे। इस दौरान उपायुक्त ने केंद्र में स्थापित आधुनिक मशीनों, जांच उपकरणों और ऑपरेशन थियेटर से जुड़ी व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण भी किया।

Advertisement

​”समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगी आधुनिक स्वास्थ्य सेवा”

इस अवसर पर उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने कहा कि ग्रामीण व दूर-दराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि साहिबगंज और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को मोतियाबिंद व आंखों की अन्य बीमारियों के इलाज के लिए अक्सर भागलपुर, मालदा, पटना या रांची जाना पड़ता था, जिससे उन पर बड़ा आर्थिक और मानसिक बोझ पड़ता था।

उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि इस आधुनिक केंद्र के चालू होने से मोतियाबिंद की सर्जरी सहित विभिन्न नेत्र रोगों की जांच व उपचार की सुविधा जिले में ही पूरी तरह निःशुल्क मिलेगी। अत्याधुनिक मशीनों के माध्यम से मरीजों को सटीक जांच और सुरक्षित सर्जरी की सुविधा सदर अस्पताल में ही उपलब्ध कराई जाएगी।

उपकरणों के बेहतर उपयोग और रख-रखाव पर जोर

उपायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारियों, नेत्र रोग विशेषज्ञों और स्वास्थ्यकर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि केंद्र में उपलब्ध कराई गई अत्याधुनिक मशीनों का समुचित और निरंतर उपयोग सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने उपकरणों के नियमित रख-रखाव (मेंटेनेंस) पर विशेष जोर देते हुए कहा कि व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए जिससे किसी भी मरीज को सेवा मिलने में कोई बाधा न आए और ज्यादा से ज्यादा जरूरतमंदों को इसका सीधा लाभ मिल सके।

नेत्र देखभाल केंद्र की प्रमुख विशेषताएं:

  • निःशुल्क जांच और सर्जरी: मोतियाबिंद के मरीजों का आधुनिक तकनीकों से मुफ्त ऑपरेशन।​
  • उन्नत डायग्नोस्टिक मशीनें: दृष्टि दोष, ग्लूकोमा और रेटिना से जुड़ी समस्याओं की शुरुआती पहचान के लिए सटीक उपकरण।
  • ​समय और धन की बचत: जिले के गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को बाहर जाने के खर्च और भागदौड़ से राहत।​
  • विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी: अस्पताल के योग्य नेत्र रोग विशेषज्ञों द्वारा नियमित ओपीडी और परामर्श।

स्वास्थ्य क्षेत्र में मील का पत्थर

इस दौरान सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान और उपाधीक्षक डॉ. देवेश कुमार ने भी अपने विचार रखे। अधिकारियों ने इस नई सुविधा को साहिबगंज के स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि और मील का पत्थर बताया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अस्पताल की पूरी टीम समर्पण के साथ आमजन को गुणवत्तापूर्ण नेत्र देखभाल सेवाएं प्रदान करेगी।

इस अवसर पर जिले के नेत्र रोग विशेषज्ञ, विभिन्न विभागों के चिकित्सा पदाधिकारी, स्वास्थ्यकर्मी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। केंद्र के शुरू होने से स्थानीय लोगों में काफी उत्साह है और इसे जिले के लिए एक बड़ी सौगात माना जा रहा है।

यह भी पढ़ें : उधवा में इलेक्ट्रिक स्कूटर शोरूम का भव्य शुभारंभ, विधायक एमटी राजा ने फीता काटकर किया उद्घाटन

Advertisement

Similar Posts

One Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *