जागरूकता रथ को रवाना करते चिकित्सा पदाधिकारी व अन्य
जागरूकता रथ को रवाना करते चिकित्सा पदाधिकारी व अन्य

उधवा: ग्रामीण क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की पहुँच सुनिश्चित करने और आम जनमानस को जागरूक करने के उद्देश्य से शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) उधवा में ‘परिवार स्वास्थ्य मेला’ का भव्य शुभारंभ किया गया। इस विशेष मेले का विधिवत उद्घाटन प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) जयंत कुमार तिवारी और सीएचसी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. गुफरान आलम ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।

कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य के प्रति व्यापक जनजागरूकता फैलाने के लिए प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. गुफरान आलम ने एक विशेष ‘स्वास्थ्य मेला जागरूकता रथ’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ आगामी दिनों में क्षेत्र के विभिन्न गाँवों और पंचायतों में भ्रमण कर लोगों को स्वास्थ्य एवं परिवार नियोजन के प्रति सचेत व जागरूक करेगा।

इस परिवार स्वास्थ्य मेले का मुख्य फोकस क्षेत्र की किशोरियों, नव-विवाहित जोड़ों और शादी-शुदा दंपतियों पर रहा। मेले में आने वाले ग्रामीणों को विभिन्न प्रकार की स्वास्थ्य सेवाएं तथा उचित परामर्श निःशुल्क उपलब्ध कराया गया। मेला परिसर में स्वास्थ्य विभाग की ओर से कई विशेष स्टॉल लगाए गए थे, जहाँ डॉक्टरों की टीम द्वारा मरीजों की निःशुल्क स्वास्थ्य जाँच की गई।

इसके साथ ही, लोगों को पोषण संबंधी महत्वपूर्ण सलाह देने के साथ-साथ परिवार नियोजन के सुरक्षित व आवश्यक उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई और संबंधित दवाइयों व गर्भनिरोधक साधनों का वितरण भी किया गया।

कुपोषण और मातृ-शिशु स्वास्थ्य पर दिया गया जोर

मेले में उपस्थित चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों ने ग्रामीणों को कुपोषण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य की देखभाल, एनीमिया (खून की कमी) से बचाव तथा व्यक्तिगत एवं आस-पास की स्वच्छता बनाए रखने के महत्व के प्रति जागरूक किया। डॉक्टरों ने बताया कि एक स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए छोटे और संतुलित परिवार के साथ-साथ सही पोषण बेहद अनिवार्य है।

इस एक दिवसीय स्वास्थ्य मेले को सफल बनाने में डॉ. सैय्यद सद्दाम, बीपीएम अनिल पाल, लेखापाल दिनेश कुमार, एलटी अतुल कुमार, रवि कुमार, एमपीडब्ल्यू तहसीन अख्तर, तथा एएनएम ऋतु कुमारी व अर्चना कुमारी सहित स्वास्थ्य केंद्र के सभी कर्मियों ने सक्रिय और सराहनीय भूमिका निभाई।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *