कलशयात्रा के दौरान पुरोहित व अन्य
कलशयात्रा के दौरान पुरोहित व अन्य

साहिबगंज (मंडरो): जिले के मंडरो प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत बाबूपुर गांव में रविवार को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के अलौकिक माहौल में सात दिवसीय श्रीमद्भागवत ज्ञान कथा का भव्य शुभारंभ हुआ। कथा के प्रथम दिन छात्र युवक बाल संघ एवं स्थानीय ग्रामीणों के संयुक्त तत्वावधान में गाजे-बाजे के साथ एक विशाल कलश शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।

भव्य कलश यात्रा का शुभारंभ स्थानीय काली मंदिर परिसर से हुआ। यहाँ से श्रद्धालु मुख्य मार्ग होते हुए पक्की सड़क स्थित गंगा छठ घाट पहुँचे। गंगा तट पर विद्वान आचार्यों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना संपन्न कराई गई, जिसके बाद श्रद्धालुओं ने कलशों में पवित्र गंगा जल भरा।

भक्ति भाव से सराबोर रहा बाबूपुर गांव

शोभायात्रा में 501 महिलाएं और बच्चियाँ सिर पर पवित्र कलश धारण किए, पारंपरिक परिधानों में जयकारे लगाते हुए चल रही थीं। यह यात्रा बाबूपुर गांव के विभिन्न मार्गों और मोहल्लों का भ्रमण करते हुए पुनः काली मंदिर परिसर पहुँचे, जहाँ विधिवत पूजा-अर्चना और मंत्रोच्चार के साथ कलश स्थापित किए गए। इसी के साथ सात दिवसीय अनुष्ठान की औपचारिक शुरुआत हुई।

मणिकांत बाबा के मुखारविंद से कथा रसपान

इस सात दिवसीय ज्ञान महायज्ञ में प्रसिद्ध कथावाचक मणिकांत बाबा द्वारा संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा का वाचन किया जा रहा है। कथा के पहले ही दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही। व्यासपीठ से प्रवाहित कथा रसधार में डूबकर श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं का श्रवण किया तथा क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि की मंगल कामना की।

आयोजन में इनकी रही सक्रिय भूमिका

धार्मिक अनुष्ठान के सफल संचालन और व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में मुखिया लक्ष्मण यादव, सरपंच राजू मंडल, शिव शंकर यादव, नवीन शाह, संजय मंडल, सर्वेश मंडल, नंदलाल मंडल सहित छात्र युवक बाल संघ के सभी सदस्यों एवं दर्जनों ग्रामीणों की सराहनीय व सक्रिय भूमिका रही।

आयोजकों का संदेश:

समिति के सदस्यों ने बताया कि इन सात दिनों तक प्रतिदिन सुबह से लेकर शाम तक विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान, वैदिक पूजन, भव्य भजन-कीर्तन और संध्या काल में श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र के तमाम श्रद्धालुओं से इस ज्ञान गंगा में डुबकी लगाकर पुण्य का भागी बनने की अपील की है।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *