साहिबगंज: जिले के विभिन्न प्रखंडों में छात्र-छात्राओं के आधार कार्ड से संबंधित समस्याओं के त्वरित निराकरण और नए पंजीकरण के लिए विशेष आधार शिविरों का सफल संचालन किया जा रहा है. यह अभियान 26 सितंबर से शुरू हुआ है, जो 15 अक्टूबर तक लगातार जारी रहेगा. विद्यालय स्तर पर ही यह सुविधा मिलने से विद्यार्थियों और अभिभावकों को अब सरकारी दफ्तरों या आधार केंद्रों के चक्कर काटने से राहत मिली है.
विभिन्न विद्यालयों में आयोजित हुए विशेष शिविर
अभियान के तहत प्रतिदिन निर्धारित तालिका के अनुसार जिले के अलग-अलग प्रखंडों के स्कूलों में कैंप लगाए जा रहे हैं. इसी क्रम में मध्य विद्यालय सकरीगली (तालझारी), उत्क्रमित मध्य विद्यालय मेहंदी (तालझारी), उत्क्रमित मध्य विद्यालय भानु टोला (तालझारी), उच्च विद्यालय फुदकीपुर (उधवा), उत्क्रमित उच्च विद्यालय मोती पहाड़ी (बोरियो), उत्क्रमित उच्च विद्यालय बांझी (बोरियो), उत्क्रमित उच्च विद्यालय मसानिया (मंडरो) तथा प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय (राजमहल) में आधार शिविर का सफल आयोजन किया गया.
नाम, जन्मतिथि सुधार और नए रजिस्ट्रेशन की सुविधा
इन आधार शिविरों में विद्यार्थियों के आधार विवरण जैसे नाम, जन्मतिथि, पता और अन्य त्रुटियों का मौके पर ही सुधार किया जा रहा है. इसके साथ ही पात्र छात्र-छात्राओं के नए आधार पंजीकरण की प्रक्रिया भी पूरी की जा रही है. स्कूल परिसर में ही सेवा मिलने से समय की बचत हो रही है और पढ़ाई पर भी कोई विपरीत असर नहीं पड़ रहा है.
जिला परियोजना पदाधिकारी ने की यह अपील
यूआईडी के जिला परियोजना पदाधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिले के सभी चिन्हित विद्यालयों में शिविर लगाए जा रहे हैं. इसका मुख्य उद्देश्य छात्रों के आधार से जुड़े सभी मामलों का समयबद्ध और सुगम समाधान सुनिश्चित करना है.
उन्होंने अभिभावकों और विद्यार्थियों से अपील की है कि वे अपने-अपने क्षेत्र के विद्यालयों में आयोजित होने वाले इन शिविरों की तिथियों की जानकारी रखें और समय पर पहुंचकर इस सुविधा का लाभ उठाएं, ताकि भविष्य में किसी भी योजना या छात्रवृत्ति के लाभ में कोई अड़चन न आए.
यह भी पढ़ें : विश्व नदी दिवस पर राजमहल में चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन , ‘गंगा बचाओ’ का दिया संदेश



One Comment