राजमहल (साहिबगंज): राजमहल थाना क्षेत्र अंतर्गत मनसिंहा के पास मुख्य सड़क पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जहां एक अनियंत्रित टोटो (ई-रिक्शा) पलटने से उसमें सवार 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद टोटो चालक मौका पाकर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए तत्काल राजमहल अनुमंडल अस्पताल लाया गया।
एक ही परिवार के 4 सदस्यों सहित 5 घायल
दुर्घटना में घायल होने वालों में पश्चिम बंगाल के सोलह माईल निवासी एक ही परिवार के चार लोग और स्थानीय निवासी शामिल हैं। घायलों की पहचान इस प्रकार हुई है:
- शक्ति मंडल (26 वर्ष) – निवासी: सोलह माईल, पश्चिम बंगाल
- रिंकी देवी (24 वर्ष) – निवासी: सोलह माईल, पश्चिम बंगाल
- आयुष कुमार (6 वर्ष) – शक्ति मंडल का पुत्र
- रौशनी कुमारी (4 वर्ष) – शक्ति मंडल की पुत्री
- बारिक शेख (55 वर्ष) – निवासी: मनसिंहा, राजमहल
अनुमंडल अस्पताल में चल रहा इलाज, 2 गंभीर
हादसे की सूचना मिलते ही घायलों को राजमहल अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर सौरव कुमार की देखरेख में सभी का प्राथमिक उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार, रिंकी देवी और बारिक शेख के हाथ-पैर में गंभीर चोटें आई हैं और उन्हें गहरे जख्म लगे हैं। वहीं शक्ति मंडल के पैर में गंभीर चोट लगी है। मासूम बच्चों आयुष कुमार और रौशनी कुमारी के सिर पर चोटें आई हैं।
जांच में जुटी पुलिस
सड़क दुर्घटना और घायलों के अस्पताल पहुंचने की सूचना मिलते ही राजमहल थाना पुलिस की टीम अनुमंडल अस्पताल पहुंची। पुलिस ने घायलों का हाल-चाल जाना और मामले की जानकारी ली। फिलहाल पुलिस फरार टोटो चालक की तलाश और दुर्घटना के कारणों की जांच में जुट गई है।
यह भी पढ़ें : भादो धान की कटाई शुरू होने से खेतों में लौटी रौनक, परंपरा और संस्कृति से जुड़ी है यह खेती



One Comment