बरहेट (साहिबगंज): साहिबगंज जिले के बरहेट थाना क्षेत्र स्थित खड़कदानी पहाड़ पर मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सवारियों से भरा एक टेम्पो अनियंत्रित होकर तीन बार पलटते हुए सड़क पर गिर गया। इस दर्दनाक हादसे में छोटा सिन्नी गांव के आदिम जनजाति समुदाय के ग्राम प्रधान डुमरा सुरजा पहाड़िया (55 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
JSLPS के कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे ग्रामीण
मिली जानकारी के अनुसार, सभी लोग छोटा सिन्नी गांव से सिमड़ा पंचायत भवन में जेएसएलपीएस (JSLPS) की ओर से आयोजित सीएलएफ (CLF) के वार्षिक सम्मेलन में भाग लेने जा रहे थे। खड़कदानी पहाड़ से नीचे उतरने के दौरान एक तीखे मोड़ पर चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और यह हादसा हो गया।
स्थानीय लोगों ने की मदद, 2 की हालत गंभीर
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू कर घायलों को वाहन से बाहर निकाला और बरहेट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया।
स्वास्थ्य केंद्र में डॉ. संतोष टुडू ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया। घायलों में दो लोगों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए साहिबगंज जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। वहीं, मृतक ग्राम प्रधान के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए साहिबगंज भेजा गया है।
घायलों की सूची (सभी निवासी – छोटा सिन्नी गांव):
- नयसल पहाड़िया (20 वर्ष)
- शुक्रा पहाड़िया (40 वर्ष)
- चुलो पहाड़िया (30 वर्ष)
- मंगला पहाड़िया (31 वर्ष)
- शुक्लिन पहाड़िन (40 वर्ष)
- पारी पहाड़िया (28 वर्ष)
- छोटा दुखिया पहाड़िया (50 वर्ष)
- चांदी पहाड़िन (20 वर्ष)
जनप्रतिनिधियों ने अस्पताल पहुंचकर लिया जायजा
घटना की सूचना मिलते ही झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सह प्रमुख बर्नार्ड मरांडी और प्रखंड सचिव मुजिबुल रहमान ने बरहेट थाना प्रभारी को सूचित किया और अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों का हाल-चाल जाना और गंभीर रूप से घायलों के बेहतर इलाज के लिए हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया।
ग्राम प्रधान डुमरा सुरजा पहाड़िया के निधन से छोटा सिन्नी गांव और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मौके पर लखीराम हेंब्रम, सुनीराम हंसदा, रूपक साह, रियाज अंसारी, जियाउल सहित कई ग्रामीण उपस्थित थे।



One Comment