बरहेट (साहिबगंज): बरहेट प्रखंड में रविवार को प्रखंड कांग्रेस कमेटी की एक अहम बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता प्रखंड उपाध्यक्ष रागीव अंसारी ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में बरहेट प्रखंड प्रभारी अशोक दास उपस्थित रहे। बैठक के दौरान पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं ने बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त करने के लिए अपने-अपने सुझाव साझा किए।
बैठक को संबोधित करते हुए झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संयुक्त सचिव हीरालाल साहा ने कहा कि बरहेट प्रखंड में कांग्रेस का ऐतिहासिक और मजबूत जनाधार रहा है। यहां के कार्यकर्ता हमेशा से पार्टी की नीतियों और विचारधारा के प्रति पूरी निष्ठा से समर्पित रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि हमें इस ऐतिहासिक विरासत को और अधिक मजबूत बनाना है।
वहीं प्रखंड प्रभारी अशोक दास ने कार्यकर्ताओं के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि पार्टी की मजबूती के लिए वे लगातार क्षेत्र का दौरा करते रहेंगे। वे प्रत्येक कार्यकर्ता से सीधा संवाद स्थापित कर संगठन को नई दिशा और गति देंगे। इसके अलावा उन्होंने एसआईआर (SIR) की समीक्षा करते हुए सभी प्रखंड पदाधिकारियों और बूथ कमेटियों को निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरा करने का सख्त निर्देश दिया।
कार्यक्रम के अंत में प्रखंड उपाध्यक्ष रागीव अंसारी ने आए हुए सभी अतिथियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया और संगठन को हर स्तर पर मजबूत करने का संकल्प दोहराया। इस अवसर पर कर्मुल अंसारी, फरीद अंसारी, परमित तिवारी, अफजल अंसारी, अख्तर अंसारी, सफीक अंसारी, इब्राहिम अंसारी, मयूर अंसारी सहित कई अन्य कार्यकर्ता मुख्य रूप से मौजूद थे।



One Comment