taljhari murder
|

तालझारी (साहिबगंज): साहिबगंज जिले के तालझारी थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़ा तालबन्ना गांव में बुधवार की रात एक 18 वर्षीय युवक बीपोल मंडल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने युवक की गला दबाकर हत्या किए जाने की गंभीर आशंका व्यक्त की है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए राजमहल भेज दिया है।

​परिजनों के अनुसार, बीपोल मंडल बुधवार की रात करीब 10 बजे घर से बाहर निकला था। काफी देर बीत जाने के बाद भी जब वह वापस नहीं लौटा, तो परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने उसकी खोजबीन शुरू की। रात करीब 12 बजे वह अपने घर के ठीक सामने अचेत अवस्था में गिरा हुआ मिला। परिजनों ने उसे तुरंत उठाने और होश में लाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।

Advertisement

मृतक के परिजनों का कहना है कि बीपोल के गले पर निशान पाए गए हैं। इसी आधार पर उन्होंने आशंका जताई है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और शव को घर के सामने फेंक दिया।

पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

घटना की जानकारी मिलते ही राजमहल इंस्पेक्टर राजीव रंजन और तालझारी थाना प्रभारी नितेश कुमार पांडेय पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और शव को पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया।

मामले की जानकारी देते हुए राजमहल इंस्पेक्टर राजीव रंजन ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही और वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें : राजमहल नगर पंचायत की बोर्ड बैठक में छाए जनमुद्दे, उपाध्यक्ष मारूफ उर्फ गुड्डू ने प्रमुखता से उठाईं कई मांगे

Advertisement

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *