राजमहल (साहिबगंज): नगर पंचायत राजमहल में पार्षदों के प्रदर्शन और बोर्ड बैठक के दौरान अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ हुए कथित अभद्र व्यवहार का मामला अब तूल पकड़ता नजर आ रहा है। बैठक के दौरान पार्षदों द्वारा अमर्यादित भाषा के इस्तेमाल और बेबुनियाद आरोप लगाने से आहत होकर नगर पंचायत के तमाम अधिकारी और कर्मचारी सांकेतिक हड़ताल पर चले गए हैं। इस हड़ताल को कार्यपालक पदाधिकारी (EO) दानिश हुसैन ने भी अपना समर्थन दिया है।
अभद्र भाषा के इस्तेमाल और मान-सम्मान पर कर्मचारियों का आक्रोश
हड़ताल पर बैठे प्रधान सहायक दिनेश मंडल ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि बोर्ड की बैठक के दौरान वार्ड नंबर 3 के पार्षद और अन्य जन प्रतिनिधियों द्वारा कर्मियों व अधिकारियों के प्रति अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया। उन्होंने कहा, “हम सभी आत्मसम्मान और मान-सम्मान के लिए नौकरी करते हैं। अगर बैठक में मर्यादा ही न रहे, तो काम करना संभव नहीं है।” उन्होंने बताया कि फिलहाल सभी कर्मचारी सांकेतिक हड़ताल पर हैं।
बेबुनियाद आरोपों और बदसलूकी पर माफी की मांग
मामले में कनीय अभियंता (JE) जितेश कुमार चौधरी ने बताया कि बैठक के दौरान कुछ वार्ड पार्षदों द्वारा अधिकारियों पर बिना किसी ठोस आधार के अनर्गल आरोप लगाए गए और बातचीत का लहजा भी पूरी तरह से गलत था। उन्होंने कहा कि बोर्ड बैठक में अनुशासनहीनता फैलाने वाले पार्षदों को बाहर करने का प्रावधान होने के बाद भी नगर अध्यक्ष द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई।
इंजीनियर जितेश चौधरी ने कर्मचारियों की मुख्य मांगें रखते हुए कहा:
- अभद्र भाषा का प्रयोग करने वाले पार्षदों द्वारा बिना शर्त (Unconditional) लिखित माफी मांगी जाए।
- ऐसे पार्षदों को आगामी कम से कम तीन बोर्ड बैठकों से निष्कासित (Suspend) किया जाए।
हड़ताल में यह सभी कर्मचारी रहे शामिल
नगर पंचायत कार्यालय के मुख्य परिसर में धरने पर बैठे हड़ताली कर्मियों में कनीय अभियंता जितेश चौधरी, विनोद मंडल, नमन कुमार, प्रधान सहायक दिनेश मंडल, संदीप कुमार, अकाउंटेंट शशि आनंद, जंग बहादुर यादव सहित नगर पंचायत के सभी कर्मी शामिल थे।
नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी दानिश हुसैन ने कर्मचारियों के इस सांकेतिक हड़ताल का पूर्ण समर्थन करते हुए कहा कि प्रशासनिक मर्यादा और कर्मचारियों का आत्मसम्मान सर्वोपरि है। यदि पार्षदों द्वारा माफी नहीं मांगी जाती है और अनुशासनहीनता पर रोक नहीं लगती है, तो कर्मचारी आगे की रणनीति तय करेंगे।
यह भी पढ़ें : मिर्जाचौकी रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से 99 लीटर अवैध देशी शराब बरामद, CIB मालदा और RPF साहिबगंज की संयुक्त कार्रवाई



2 Comments