जानकारी देते आर पी एफ इंस्पेक्टर
जानकारी देते आर पी एफ इंस्पेक्टर
|

बरहरवा: रेल सुरक्षा बल (RPF) बरहरवा की मुस्तैदी और मानवीय पहल के कारण गुरुवार को दो नाबालिग बच्चे सुरक्षित अपने परिजनों तक पहुँचने की राह पर हैं। आरपीएफ की टीम ने बरहरवा और तीनपहाड़ रेलवे स्टेशन पर चलाए गए विशेष तलाशी अभियान के दौरान एक 9 वर्षीय बालक और एक 13 वर्षीय बालिका को रेस्क्यू किया।

भीड़ के कारण पिता से बिछड़ गया था मदरसा का छात्र

मिली जानकारी के अनुसार, आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार के नेतृत्व में बरहरवा स्टेशन पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान ट्रेन संख्या 53030 (भागलपुर–अजीमगंज पैसेंजर) से एक 9 वर्षीय बालक को अकेले उतरते देखा गया। पूछताछ में बालक ने बताया कि वह भागलपुर के एक मदरसे में पढ़ता है। वह अपने पिता के साथ घर जाने के लिए भागलपुर स्टेशन आया था, लेकिन भारी भीड़ के कारण पिता ट्रेन में नहीं चढ़ पाए और बच्चा अनजाने में अकेला ही ट्रेन में सवार होकर बरहरवा पहुँच गया। बालक मिर्जाचौकी थाना क्षेत्र का रहने वाला है।

परिजनों की डांट से नाराज होकर घर से भाग गई थी किशोरी

वहीं, दूसरी ओर तीनपहाड़ रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 01 पर तैनात आरपीएफ स्टाफ ने एक 13 वर्षीय किशोरी को अकेले घूमते हुए देखा। पूछताछ में पता चला कि माता-पिता की डांट से नाराज होकर वह घर से भागकर स्टेशन आ गई थी। जब आरपीएफ ने उसके घर (राजमहल थाना क्षेत्र) संपर्क किया, तो परिजनों ने बताया कि किशोरी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और वह रात से ही घर से लापता थी।

चाइल्ड हेल्पलाइन को सौंपा गया

दोनों बच्चों को सुरक्षित आरपीएफ पोस्ट बरहरवा लाया गया। आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने तत्काल इसकी सूचना चाइल्ड हेल्पलाइन साहिबगंज को दी। सूचना पाकर चाइल्ड हेल्पलाइन/मंथन के प्रतिनिधि पोस्ट पहुंचे और बच्चों की काउंसलिंग की।
सभी आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद, दोनों बच्चों को आगे की प्रक्रिया और उनके परिजनों से मिलाने हेतु चाइल्ड हेल्पलाइन के सुपुर्द कर दिया गया है।

अभियान में शामिल टीम:

इस सफल रेस्क्यू ऑपरेशन में इंस्पेक्टर संजीव कुमार के साथ एएसआई बी.एन. टुडू, कांस्टेबल राकेश कुमार, अमरेश कुमार, जय कुमार सिंह, बबलू मुर्मू और सतीश कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
ब्यूरो रिपोर्ट: द न्यूज़ मित्र

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *