साहिबगंज: साहिबगंज महाविद्यालय के 75 वर्ष (प्लेटिनम जुबली) पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक समारोह की तैयारियों को लेकर महाविद्यालय के प्राचार्य कक्ष में एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य ने की।
आयोजन समिति के समन्वयक एवं इतिहास विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. दिनेश कुमार यादव ने दो दिवसीय इस भव्य कार्यक्रम के दौरान होने वाले शैक्षणिक, सांस्कृतिक, खेलकूद और अन्य आयोजनों की रूपरेखा से सभी को अवगत कराया। बैठक में शहर के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अपने बहुमूल्य सुझाव दिए।
देश-दुनिया की प्रतिष्ठित हस्तियों को आमंत्रण भेजने की तैयारी
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रंजीत कुमार सिंह ने जानकारी दी कि इस गौरवशाली अवसर पर देश के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, केंद्रीय शिक्षा मंत्री के साथ-साथ झारखंड के राज्यपाल, मुख्यमंत्री, राज्य सरकार के प्रधान सचिव और अन्य विशिष्ट अतिथियों को आमंत्रण भेजा जाएगा। उन्होंने सोशल मीडिया और प्रिंट मीडिया जैसे संचार के विभिन्न माध्यमों का उपयोग कर अधिक से अधिक शिक्षा प्रेमियों और पूर्ववर्ती छात्रों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
पूर्व छात्रों और विशेषज्ञों के सुझाव
- सद्भावना यात्रा का सुझाव: सूर्या पैरा मेडिकल कॉलेज के प्रबंधक डॉ. विजय कुमार ने कहा कि महाविद्यालय के पूर्ववर्ती छात्र-छात्राओं द्वारा एक सद्भावना यात्रा निकाली जानी चाहिए, ताकि इस वृहद आयोजन का संदेश जन-जन तक पहुंच सके।
- सेवानिवृत्त शिक्षकों का मार्गदर्शन: मैथिली विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. ध्रुव ज्योति सिंह ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए महाविद्यालय को अपनी सेवाएं दे चुके सेवानिवृत्त प्राध्यापकों और शिक्षकेतर कर्मचारियों से मार्गदर्शन लेने की बात कही।
- प्रतियोगिताओं का आयोजन: अंग्रेजी विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. संतोष कुमार चौधरी ने दो दिवसीय समारोह के तहत आयोजित होने वाली भाषण, क्विज और खेलकूद प्रतियोगिताओं के विषयों पर विस्तार से जानकारी दी।
- विशेष सहभागिता: प्रत्न छात्र संजय पटेल, मुकेश कुमार, विवेक सिंहा, धर्मेंद्र कुमार और जगनमय मिश्रा ने भी कार्यक्रम की रूपरेखा को लेकर अपने महत्वपूर्ण सुझाव रखे।
इनकी रही उपस्थिति: बैठक के दौरान अर्थशास्त्र विभाग की सहायक प्राध्यापिका डॉ. रूपा, वाणिज्य विभाग की सहायक प्राध्यापिका एवं सोशल मीडिया प्रभारी प्रो. कोमल कुमारी और बीएड विभाग के सहायक प्राध्यापक प्रो. नितिन कुमार घोष सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें : पूर्व रेलवे के मालदा डिवीजन में महिला रेल कर्मियों के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित



One Comment