साहिबगंज: दुर्गा पूजा और दशहरा पर्व के मद्देनजर आमजनों के स्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। उपायुक्त के निर्देशानुसार मंडरो प्रखंड के विभिन्न होटलों और मिठाई दुकानों में औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया।
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी आशीष कुमार वर्मा और नौरंगदेव कुमार के नेतृत्व में चलाए गए इस विशेष जांच अभियान के दौरान दुकानों में बेचे जा रहे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई तथा आवश्यक एफएसएसएआई (FSSAI) लाइसेंस और पंजीकरण की गहन जांच की गई।
औद्योगिक रंगों से बन रही थीं मिठाइयां
निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि कई जगहों पर स्वास्थ्य के लिए हानिकारक औद्योगिक रंगों का धड़ल्ले से इस्तेमाल किया जा रहा था। इस दौरान जलेबी, लड्डू और चमचम जैसी लगभग 15 किलोग्राम दूषित मिठाइयों को मौके पर ही जब्त कर नष्ट करा दिया गया।
खाद्य कारोबारियों को सख्त चेतावनी
खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के सभी प्रावधानों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण और बिक्री के दौरान पूर्ण स्वच्छता बनाए रखने की हिदायत दी गई है।
विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है कि त्योहारों के मौसम में मिलावटखोरी, प्रतिबंधित और हानिकारक रंगों का प्रयोग करने वालों तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें : बरहेट : बेथेल मिशन स्कूल की 5 सदस्यीय टीम ने की जांच, 13 बिंदुओं पर हुई पड़ताल


