साहिबगंज: साहिबगंज महाविद्यालय के स्थापना के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले प्लेटिनम जुबली समारोह की तैयारियों को लेकर बुधवार को महाविद्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में एक बैठक आयोजित की गई। प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्षों और प्राध्यापकों ने हिस्सा लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य समारोह की रूपरेखा तैयार करना, आयोजन समिति का गठन करना और सांस्कृतिक व शैक्षणिक गतिविधियों के सफल संचालन की रूपरेखा तय करना रहा।
पूर्ववर्ती छात्रों की होगी प्रमुख सहभागिता
बैठक के दौरान रसायनशास्त्र विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार ने प्लेटिनम जुबली समारोह के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस ऐतिहासिक अवसर पर महाविद्यालय के पूर्ववर्ती विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इसके बाद उपस्थित अन्य प्राध्यापकों ने भी कार्यक्रम को यादगार बनाने के लिए अपने बहुमूल्य सुझाव साझा किए।
1951 से शुरू हुई है गौरवशाली शैक्षणिक यात्रा
अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने कहा कि साहिबगंज महाविद्यालय के लिए यह अत्यंत गौरव का क्षण है कि वह अपनी स्थापना के 75 गौरवशाली वर्ष पूरे कर रहा है। झारखंड और आसपास के उन चुनिंदा शिक्षण संस्थानों में शामिल होना, जिन्होंने अपनी स्थापना के 75 वर्ष पूरे किए हैं, एक ऐतिहासिक उपलब्धि है।
उन्होंने जानकारी दी कि इस महाविद्यालय की स्थापना 28 अक्टूबर 1951 को हुई थी। प्रारंभ में यह तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय का अंग हुआ करता था। इसके बाद वर्ष 1992 में सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय, दुमका की स्थापना के पश्चात यह संस्थान इस विश्वविद्यालय की अंगीभूत इकाई के रूप में शामिल हुआ।
पूर्व छात्रों के साथ होगी अलग से बैठक
प्राचार्य ने घोषणा की कि आगामी दिनों में महाविद्यालय के पूर्ववर्ती विद्यार्थियों के साथ एक विशेष बैठक आयोजित की जाएगी, ताकि उनके सुझावों और सहयोग से इस प्लेटिनम जुबली समारोह को और अधिक भव्य व ऐतिहासिक बनाया जा सके।
इस दौरान अंग्रेजी विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. संतोष कुमार चौधरी ने समारोह के दौरान होने वाली गतिविधियों पर सुझाव दिए, वहीं आयोजन समिति के समन्वयक डॉ. दिनेश कुमार यादव ने संभावित बजट और खर्च का विवरण प्रस्तुत किया।
इनकी रही विशेष उपस्थिति: बैठक में भूगर्भशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. एस. आर. आई. रिजवी, मैथिली विभागाध्यक्ष डॉ. ध्रुव ज्योति कुमार सिंह, दर्शनशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार, इतिहास विभागाध्यक्ष डॉ. शिवानंद अवस्थी, राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. राजीव कुमार, हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. सोनू कुमार साहू, संथाली विभागाध्यक्ष डॉ. जीसू हासदा, अंग्रेजी विभागाध्यक्ष प्रो. मरियम हेंब्रम, सहायक प्राध्यापक डॉ. धर्मेंद्र यादव, डॉ. रूपा दास, प्रो. कोमल कुमारी और प्रो. नितिन कुमार सहित महाविद्यालय के अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। सभी ने सामूहिक प्रयास और बेहतर समन्वय के साथ इस आयोजन को सफल बनाने का संकल्प लिया।
यह भी पढ़ें : पूजा स्पेशल : मालदा टाउन से अहमदाबाद और शकूरबस्ती के लिए चलेंगी स्पेशल ट्रेनें, देखिए पूरा शेड्यूल


