प्रेस वार्ता के दौरान एसडीपीओ व अन्य
|

तालझारी (साहिबगंज): तालझारी थाना क्षेत्र के मेहंदी गांव में हुई मिथुन पहाड़िया हत्याकांड का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इस बात की जानकारी राजमहल एसडीपीओ विमलेश कुमार त्रिपाठी ने प्रेस वार्ता के दौरान दी।

मौके पर पुलिस निरीक्षक (राजमहल) राजीव रंजन, तालझारी थाना प्रभारी नितेश कुमार पाण्डेय सहित छापेमारी दल के अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित थे।

Advertisement

विवाद के बाद पत्थर से वार कर की गई थी हत्या

जारी विज्ञप्ति के अनुसार, 28 अक्टूबर 2026 की शाम लगभग 6:30 बजे तालझारी थाना को ग्राम मेहंदी में मिथुन पहाड़िया की हत्या होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही मामले की जानकारी वरीय पुलिस पदाधिकारियों को दी गई।

इसके बाद साहिबगंज पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर राजमहल एसडीपीओ विमलेश कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 29 अक्टूबर 2026 को कांड के तीनों प्राथमिक नामजद अभियुक्तों को धर दबोचा।

पुलिसिया पूछताछ के दौरान गिरफ्तार अभियुक्तों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। आरोपियों ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज और मारपीट हुई थी। इसी दौरान वारना हाँसदा ने पत्थर से मिथुन पहाड़िया के सिर के पिछले हिस्से में जोरदार प्रहार कर दिया, जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।

तीन आरोपी गिरफ्तार, कानूनी कार्रवाई शुरू

मामले में मृतक की पत्नी (वादिनी) सोनी मालतो के लिखित आवेदन के आधार पर तालझारी थाना कांड संख्या 186/2026 (दिनांक 29.10.2026) के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1)/3(5) दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। गिरफ्तार तीनों अभियुक्तों को कानूनी प्रक्रिया पूरी कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करते हुए जेल (न्यायिक हिरासत) भेज दिया गया है।

गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम:

  1. वारना हाँसदा (उम्र 19 वर्ष), पिता- स्व० दानियल हाँसदा, साकिन- मेहंदी पोखर, थाना- तालझारी
  2. बेटका किस्कु (उम्र लगभग 19 वर्ष), पिता- स्व० माँझी किस्कु, साकिन- मेहंदी पोखर, थाना- तालझारी
  3. वीरधन सोरेन (उम्र लगभग 19 वर्ष), पिता- स्व० भागवत सोरेन, साकिन- बाँसकोला, थाना- तालझारी

छापेमारी दल में ये थे शामिल

इस हत्याकांड का त्वरित खुलासा करने वाली टीम में राजमहल पुलिस निरीक्षक राजीव रंजन, तालझारी थाना प्रभारी नितेश कुमार पाण्डेय, पु०अ०नि० विकास सेठ, पु०अ०नि० कन्हैया प्र० साह, पु०अ०नि० राम सिंह बोपाई, स०अ०नि० मनिष रंजन, स०अ०नि० रंजय यादव तथा तालझारी थाना का रिजर्व गार्ड बल शामिल थे।

यह भी पढ़ें : साहिबगंज: डीसी ने की नगर निकायों के कार्यों की समीक्षा, विकास योजनाओं में तेजी लाने का निर्देश

Advertisement

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *