बैठक में मौजूद पदाधिकारी

साहिबगंज: जिला सभागार में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दूबे की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स (खनन) की एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में अवैध खनन, खनिजों के अवैध भंडारण और परिवहन पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए कई कड़े निर्देश दिए गए। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह और वन प्रमंडल पदाधिकारी प्रबल गर्ग भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

चेकनाकों की औचक जांच और सीसीटीवी दुरुस्त करने के निर्देश

बैठक में उपायुक्त ने जिले के सभी चेकनाकों का नियमित और औचक निरीक्षण करने का सख्त निर्देश दिया। चेकनाकों पर वाहनों के कागजात, चालान, खनिजों के प्रकार और वहां तैनात दंडाधिकारियों की पंजियों की बारीकी से जांच करने को कहा गया है। इसके साथ ही, खराब पड़े सीसीटीवी कैमरों को तत्काल प्रभाव से ठीक कराकर क्रियाशील करने का निर्देश दिया गया ताकि परिवहन गतिविधियों पर डिजिटल निगरानी रखी जा सके।

Advertisement

बालू उत्खनन और अवैध क्रशरों पर कसेगा शिकंजा

बालू के अवैध उत्खनन, भंडारण और परिवहन पर रोक लगाने के लिए अंचल अधिकारियों और संबंधित विभागों को विशेष रूप से सतर्क रहने को कहा गया है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जलस्तर घटने के बाद होने वाले अवैध मिट्टी कटाव पर भी पैनी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन मालिकों और क्रशर संचालकों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासनिक अधिकारियों की रही मौजूदगी

बैठक में प्रवर्तन कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने को कहा गया। इस दौरान आईटीडीए परियोजना निदेशक संजय कुमार दास, साहेबगंज के अनुमंडल पदाधिकारी अमर जॉन आईन्द, राजमहल के अनुमंडल पदाधिकारी सदानंद महतो सहित सभी प्रखंडों के विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी और थाना प्रभारी उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें : साहिबगंज पुलिस की कार्रवाई: 43 गुमशुदा मोबाइल बरामद कर वास्तविक मालिकों को सौंपे गए

Advertisement

Similar Posts

One Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *