बरहेट (साहेबगंज): राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार (नालसा) एवं झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (झालसा), रांची के निर्देशानुसार तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकार, साहेबगंज के प्रभारी प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष गुलाम हैदर के मार्गदर्शन में 25 अगस्त से 23 अक्टूबर 2026 तक 60 दिवसीय विशेष मेगा विधिक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
इस अभियान के तहत साहेबगंज जिले के दूर-दराज के क्षेत्रों में नालसा की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से पात्र एवं जरूरतमंद व्यक्तियों की पहचान की जा रही है। उन्हें निःशुल्क विधिक सहायता देने के साथ-साथ सीधे सरकारी योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
जॉब कार्ड, दिव्यांगता प्रमाणपत्र और बच्चों का नामांकन कराया
इसी कड़ी में जिला विधिक सेवा प्राधिकार, साहेबगंज के सचिव विश्वनाथ भगत ने बरहेट प्रखंड की बरहेट संथाली पंचायत का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने चयनित लाभुकों को जॉब कार्ड और दिव्यांगता प्रमाणपत्र वितरित किए। साथ ही, कई बच्चों का विद्यालय में नामांकन भी करवाया। इस पहल से स्थानीय ग्रामीणों में काफी उत्साह देखने को मिला।
समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय और सहायता पहुंचाना लक्ष्य
समारोह को संबोधित करते हुए सचिव विश्वनाथ भगत ने कहा कि नालसा की इन योजनाओं का मुख्य उद्देश्य समाज के कमजोर, वंचित वर्गों, महिलाओं, बच्चों, दिव्यांगजनों, वरिष्ठ नागरिकों, अनुसूचित जाति-जनजाति के सदस्यों और श्रमिकों तक कानूनी सहायता और कल्याणकारी सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करना है।
उन्होंने बताया, “प्राधिकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र व्यक्ति जानकारी या जागरूकता के अभाव में अपने कानूनी अधिकारों और सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। जिला विधिक सेवा प्राधिकार और पारा विधिक स्वयंसेवक (न्याय मित्र) लगातार गांव-गांव जाकर जरूरतमंदों की पहचान कर रहे हैं और संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर उन्हें आवश्यक सहायता दिला रहे हैं।”
ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ रही कानूनी जागरूकता
इस 60 दिवसीय अभियान के माध्यम से ग्रामीण इलाकों में लोगों को उनके मौलिक अधिकारों, निःशुल्क कानूनी परामर्श और सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। प्राधिकार का यह प्रयास ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में बेहद कारगर साबित हो रहा है।
यह भी पढ़ें : राजमहल नगर पंचायत : उपाध्यक्ष मो. मारूफ की पहल पर कर्मियों ने वापस ली सांकेतिक हड़ताल, दोपहर 2:30 बजे काम पर लौटे



One Comment