उधवा (साहिबगंज): उधवा प्रखंड अंतर्गत पूर्वी उधवा दियारा पंचायत सचिवालय में शुक्रवार को ‘पलाशगाछी आजीविका महिला संकुल स्तरीय प्राथमिक स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड’ की वार्षिक आमसभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्वी उधवा दियारा पंचायत की मुखिया सोबिनुर बीबी, पंचायत सहायक नाहिद खातून, वार्ड सदस्य, सीसी मैनुअल सोरेन एवं आईपीआरपी सुनीता मुर्मू सहित अन्य अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।
आमसभा में स्वयं सहायता समूहों (SHG) के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने, आजीविका के नए अवसर उपलब्ध कराने तथा आगामी वित्तीय वर्ष की कार्य योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
331 स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी हैं ग्रामीण महिलाएं
बैठक के दौरान जानकारी दी गई कि पलाशगाछी क्लस्टर के अंतर्गत वर्तमान में कुल 331 स्वयं सहायता समूह, 14 ग्राम संगठन और 4 उत्पादक समूह सफलतापूर्वक संचालित हैं। इन समूहों के जरिए ग्रामीण महिलाओं को एक मंच पर संगठित कर उन्हें विभिन्न आर्थिक गतिविधियों से जोड़ा जा रहा है, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें।
स्वरोजगार और कौशल प्रशिक्षण की दी गई जानकारी
महिलाओं की आजीविका और आय को मजबूत करने के लिए बैठक में मुर्गी पालन, दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना (DDU-GKY) के तहत कौशल प्रशिक्षण एवं रोजगार के अवसरों के बारे में बताया गया। इसके अलावा आरसेटी (RSETI) के माध्यम से मिलने वाले विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी गई। उपस्थित सदस्यों को इन योजनाओं का लाभ उठाकर स्वरोजगार अपनाने और अपनी आमदनी बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया।
स्वयं सहायता समूह से सशक्त हो रही हैं महिलाएं: मुखिया
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुखिया सोबिनुर बीबी ने स्वयं सहायता समूहों की विभिन्न गतिविधियों की सराहना की। उन्होंने महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक सशक्तीकरण में संकुल स्तरीय संघ (CLF), ग्राम संगठन और स्वयं सहायता समूहों की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि महिलाएं इन समूहों से जुड़कर न सिर्फ आर्थिक रूप से मजबूत हो रही हैं, बल्कि उनका सामाजिक आत्मविश्वास भी बढ़ रहा है।
ये रहे उपस्थित: समारोह के दौरान मुखिया प्रतिनिधि हक साहेब, सीएलएफ अध्यक्ष नाजरीन खातून, सचिव डोली खातून, कोषाध्यक्ष आबेदा खातून, अमीषा परवीन सहित कई कैडर, सखी मंडल की सदस्य एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।



One Comment