साहेबगंज: विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देशानुसार जिले भर में वृहद स्तर पर जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। प्रभारी प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA), साहेबगंज गुलाम हैदर के मार्गदर्शन में पारा विधिक स्वयंसेवक (न्याय मित्र) अस्पतालों, विद्यालयों और ग्रामीण इलाकों में लोगों को जागरूक कर रहे हैं।
इन अभियानों के जरिए विद्यार्थियों, युवाओं और ग्रामीणों को मानसिक स्वास्थ्य का महत्व, तनाव प्रबंधन, भावनात्मक संतुलन और मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे लोगों के प्रति संवेदनशील रवैया अपनाने का संदेश दिया जा रहा है।
मानसिक स्वास्थ्य भी शारीरिक स्वास्थ्य जितना ही महत्वपूर्ण
जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव विश्वनाथ भगत ने बताया कि न्याय मित्रों द्वारा ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में यह संदेश पहुंचाया जा रहा है कि मानसिक स्वास्थ्य भी शारीरिक स्वास्थ्य जितना ही अहम है। मानसिक परेशानी या तनाव होने पर बिना किसी संकोच के विशेषज्ञ से परामर्श और चिकित्सा सहायता लेनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्तियों के साथ सामाजिक भेदभाव करने के बजाय उन्हें समझना, संबल देना और सही इलाज के लिए प्रेरित करना समाज की नैतिक जिम्मेदारी है। इसके अलावा, विद्यार्थियों और युवाओं को पढ़ाई, पारिवारिक परिस्थितियों और दैनिक जीवन के तनाव का सकारात्मक तरीके से मुकाबला करने के लिए भी मार्गदर्शन दिया जा रहा है।
टोल-फ्री हेल्पलाइन 15100 पर मिलेगी निःशुल्क विधिक सहायता
जागरूकता शिविरों के दौरान आम लोगों को निःशुल्क विधिक सहायता और कानूनी अधिकारों की भी जानकारी दी जा रही है। जिला विधिक सेवा प्राधिकार के माध्यम से कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति कानूनी मदद प्राप्त कर सकता है। इसके लिए राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की आधिकारिक हेल्पलाइन 15100 पर संपर्क किया जा सकता है।
समाज में सकारात्मक सोच विकसित करना मुख्य उद्देश्य
प्राधिकार के सचिव विश्वनाथ भगत ने कहा, “इन जागरूकता कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य समाज में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना, इससे जुड़ी भ्रांतियों व भेदभाव को समाप्त करना और जरूरतमंदों को उचित समय पर सहायता उपलब्ध कराना है। एक संवेदनशील और जागरूक समाज के निर्माण में हर नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है।”
यह भी पढ़ें : बरहेट संथाली पंचायत में मेगा विधिक जागरूकता अभियान का आयोजन , जरूरतमंदों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने की पहल



2 Comments