udhwa-eid namaz

राजमहल/उधवा (साहिबगंज): साहिबगंज जिले में शनिवार को खुशियों का त्योहार ईद-उल-फितर पूरे धार्मिक सौहार्द और उत्साह के साथ मनाया गया। जिले के राजमहल, उधवा और आसपास के क्षेत्रों की ईदगाहों व मस्जिदों में हजारों अकीदतमंदों ने ईद की नमाज अदा की। इस पावन अवसर पर खुदा की बारगाह में हाथ फैलाकर देश और दुनिया में अमन, चैन और भाईचारे के लिए विशेष दुआएं मांगी गईं।


मस्जिदों और ईदगाहों में उमड़ा जनसैलाब


उधवा प्रखंड क्षेत्र में ईद को लेकर सुबह से ही चहल-पहल देखी गई। सफेद लिबास और सिर पर टोपी पहने मुस्लिम भाई नमाज के लिए ईदगाहों की ओर बढ़े। प्रखंड के प्रमुख स्थानों जैसे पहाड़गांव, दरगाहडांगा, इंग्लिश, अमानत, बेगमगंज, प्राणपुर, बालुगांव, उत्तर पलाशगाछी, चांदशहर, मसना और पियारपुर की मस्जिदों में नमाजियों की भारी भीड़ उमड़ी।


नमाज संपन्न होने के बाद ‘ईद मुबारक’ के नारों से माहौल गूंज उठा। लोगों ने एक-दूसरे के गले लगकर गिले-शिकवे भुलाए और ईद की मुबारकबाद दी। छोटे बच्चों में ईद को लेकर खास उत्साह देखा गया, जो नए कपड़ों में सजे-धजे मेले का आनंद लेते नजर आए।


सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम


त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन और स्थानीय पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही। सभी संवेदनशील चौराहों और ईदगाहों के बाहर पुलिस बल की तैनाती की गई थी ताकि नमाजियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

राजमहल में अनुमंडल पदाधिकारी सदानंद महतो, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विमलेश कुमार त्रिपाठी, राजमहल प्रभाग के पुलिस इंस्पेक्टर राजीव रंजन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार गश्त करते दिखे।


विधायक ने दी ईद की शुभकामनाएं

mla eid celebration


राजमहल विधायक मोहम्मद ताजुद्दीन उर्फ एमटी राजा ने भी क्षेत्रवासियों को ईद की दिली मुबारकबाद दी। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि ईद का यह त्योहार आपसी प्रेम, त्याग और भाईचारे का प्रतीक है। उन्होंने सभी से इस त्योहार को मिल-जुलकर मनाने और एकता को बरकरार रखने की अपील की।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *