तीनपहाड़ (साहिबगंज): शारदीय नवरात्र की महासप्तमी के पावन अवसर पर शनिवार की सुबह तीनपहाड़ क्षेत्र पूरी तरह भक्ति और आस्था के रंग में डूबा नजर आया। स्थानीय सार्वजनिक दुर्गा मंदिर से एक भव्य और आकर्षक कलश शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें लगभग 1500 कन्याओं और महिलाओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। सिर पर कलश धारण किए श्रद्धालुओं की लंबी कतारों और मां दुर्गा के गगनभेदी जयकारों से पूरा इलाका भक्तिमय हो उठा।
वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भरा गया पवित्र जल
यह भव्य कलश शोभायात्रा तीनपहाड़ सार्वजनिक दुर्गा मंदिर परिसर से शुरू होकर रामपुरा घाट पहुंची। घाट पर पुरोहितों द्वारा पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना संपन्न कराई गई, जिसके बाद श्रद्धालुओं ने कलश में पवित्र जल भरा। इसके पश्चात, यह शोभायात्रा बाबूपुर फाटक, नीचे टोला और मुख्य बाजार का भ्रमण करते हुए वापस दुर्गा मंदिर परिसर पहुंची। मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलशों की स्थापना की गई, जिससे नवरात्र के अनुष्ठानों की विधिवत शुरुआत हो गई।
ग्रामीणों में दिखा भारी उत्साह, सेवा शिविर का हुआ आयोजन
इस भव्य आयोजन को सफल बनाने के लिए स्थानीय ग्रामीणों में अभूतपूर्व उत्साह देखा गया। लोगों ने सुबह ही मंदिर से लेकर रामपुरा घाट तक जाने वाले मुख्य मार्ग की विशेष रूप से साफ-सफाई की। वहीं, तपती धूप के बीच श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्थानीय बजरंगबली मंदिर के पास शीतल शरबत की व्यवस्था की गई थी। महिलाओं ने भी अपने घरों की आवश्यक तैयारियां पूरी कर इस यात्रा में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जिससे समाज में सामूहिक सहभागिता की एक अनूठी मिसाल देखने को मिली।
सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद
शोभायात्रा के दौरान शांति, कानून और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखा। तीनपहाड़ थाना प्रभारी गौरव भगत, एसआई शाहिद अनवर और एएसआई राजेश राम पुलिस बल के जवानों के साथ पूरी यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था संभाले नजर आए।
यह भी पढ़ें : साहिबगंज: उधवा के फ्लोरा पब्लिक स्कूल की हुई जांच, 13 प्रमुख बिंदुओं पर 5 सदस्यीय टीम ने परखी व्यवस्थाएं


