बरहेट (साहिबगंज): झारखंड के साहिबगंज जिला अंतर्गत बरहेट प्रखंड की बोड़बांध पंचायत स्थित जमाल गांव में शनिवार को एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया। सुड़ी नदी पर बने चेकडैम के गहरे पानी में डूबने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव के ही मेघराय सोरेन के रूप में हुई है। इस हादसे में गाय की भी डूबने से मौत हो गई।
गाय को बचाने के लिए गहरे पानी में कूदा था मेघराय
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक, सुड़ी नदी पर बने चेकडैम के तेज बहाव और गहरे पानी में मेघराय की गाय चली गई थी। गाय को पानी में डूबता देख मेघराय सोरेन बिना सोचे-समझे उसे बचाने के लिए चेकडैम में कूद पड़ा। हालांकि, पानी की अत्यधिक गहराई और तेज बहाव के कारण वह खुद को संभाल नहीं पाया और गहरे पानी में समा गया।
झामुमो नेताओं ने परिजनों से की मुलाकात, मदद का दिया भरोसा
घटना की सूचना मिलते ही झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सह प्रमुख बर्नार्ड मरांडी, प्रखंड सचिव मुजिबुर रहमान और जिला संगठन सचिव छवि हेंब्रम तत्काल पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। उन्होंने मृतक की पत्नी, बड़े भाई मीर जाई सोरेन और छोटे भाई मट्ठा सोरेन से मिलकर पूरी घटना की जानकारी ली।
झामुमो नेताओं ने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाते हुए आश्वासन दिया कि मृतक के बच्चों को नि:शुल्क शिक्षा दिलाई जाएगी। साथ ही, आपदा राहत कोष के तहत मिलने वाला सरकारी मुआवजा भी जल्द से जल्द दिलाने का भरोसा दिया।
NDRF की 40 सदस्यीय टीम रेस्क्यू में जुटी
प्रखंड प्रमुख बर्नार्ड मरांडी द्वारा स्थानीय पुलिस और प्रशासन को हादसे की जानकारी दिए जाने के बाद प्रशासन तुरंत हरकत में आया। पुलिस के सहयोग से NDRF (राष्ट्रीय आपदा मोचन बल) की 40 सदस्यीय टीम मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से चेकडैम के गहरे पानी में शव की तलाश शुरू कर दी गई। खबर लिखे जाने तक NDRF का रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी था।
यह भी पढ़ें : बरहेट पेंशन फर्जीवाड़ा: 19वां आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल



2 Comments