तीनपहाड़/रांची: रांची रेलवे स्टेशन के बाहर से संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हुए छत्तीसगढ़ निवासी चार वर्षीय मासूम को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए साहिबगंज जिले के तीनपहाड़ स्थित बाबूपाड़ा से सुरक्षित बरामद कर लिया है। इस अंतरप्रांतीय मामले में पुलिस ने धनबाद स्टेशन से एक आरोपी रोहित मुखर्जी को गिरफ्तार करने के बाद उसकी निशानदेही पर तीनपहाड़ से 5 अन्य लोगों को हिरासत में लिया है।
आंध्र प्रदेश से लौट रही थी पीड़ित मां
प्राप्त जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ निवासी दिलमेट राजवाड़े आंध्र प्रदेश के सलेम में काम पूरा कर अपने चार वर्षीय बेटे के साथ ट्रेन से अपने गृह राज्य लौट रही थी। यात्रा के दौरान वह रांची रेलवे स्टेशन पर उतरी, जहां स्टेशन के बाहर से उसका मासूम बच्चा अचानक गायब हो गया। काफी खोजबीन के बाद भी जब बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला, तो पीड़िता ने तत्काल रांची के चुटिया थाने पहुंचकर मामला दर्ज कराया।
धनबाद से तीनपहाड़ तक पुलिस की छापेमारी
चुटिया थाना इंस्पेक्टर पूनम कुजूर के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मामले की त्वरित जांच शुरू की। जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस सबसे पहले धनबाद रेलवे स्टेशन पहुंची, जहां से आरोपी रोहित मुखर्जी को गिरफ्तार किया गया। रोहित से कड़ाई से की गई पूछताछ के बाद मिले सुरागों के आधार पर रांची और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने तीनपहाड़ के बाबूपाड़ा इलाके में छापेमारी की और मासूम को सकुशल बरामद कर लिया।
इस सफल अभियान में रांची चुटिया थाना की इंस्पेक्टर पूनम कुजूर, लोअर बाजार थाना प्रभारी लव कुमार, खड़गड़ा टीओपी प्रभारी अभिषेक कुमार सहित तीनपहाड़ पुलिस की टीम शामिल थी।
बाल तस्करी से जुड़ा हो सकता है तार -सूत्र
पुलिस आधिकारिक रूप से मामले की विस्तृत जांच पूरी होने का इंतजार कर रही है। हालांकि, मामले से जुड़े सूत्रों और पुलिस की प्रारंभिक आशंकाओं के अनुसार, इस पूरे अपहरण के पीछे किसी संगठित गिरोह का हाथ हो सकता है।
जांच अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि बच्चे को रांची से तीनपहाड़ तक किस माध्यम से लाया गया और इस नेटवर्क में और कौन-कौन से आपराधिक तत्व शामिल हैं।
पुलिस का कहना है कि हिरासत में लिए गए सभी आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है और जांच पूरी होने के बाद मामले का खुलासा कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
तीनपहाड़ से मिथुन यादव की रिपोर्ट
यह भी पढ़ें : साहिबगंज में 24 घंटे निर्बाध बिजली के लिए विभाग मुस्तैद: बढ़ाए गए पावर ट्रांसफार्मर, 24 घंटे में बदलेंगे खराब उपकरण



One Comment